Connect with us

चंपावत को मिली अत्याधुनिक एमआरआई मशीन की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण।

उत्तराखण्ड

चंपावत को मिली अत्याधुनिक एमआरआई मशीन की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण।

संवादसूत्र देहरादून/चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से यह एमआरआई मशीन स्थापित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की आधारशिला है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सशक्त बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि एमआरआई मशीन शुरू होने से चंपावत सहित पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को स्थानीय स्तर पर उच्च स्तरीय जांच की सुविधा मिलेगी। अब गंभीर मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी की बचत होगी। मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अब जिले में ही संभव हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में स्वास्थ्य अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण जारी है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण पूर्ण हो चुका है। साथ ही चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की अंत्योदय नीति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार के उपचार में बाधा न बने।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि जब हर नागरिक स्वस्थ होगा, तभी विकसित उत्तराखंड का सपना साकार होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]