Connect with us

मुख्यमंत्री ने की जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा,समन्वय और समयबद्धता पर दिया जोर।

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने की जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा,समन्वय और समयबद्धता पर दिया जोर।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों से जुड़े निर्माण कार्यों के दौरान बिजली, पानी, गैस की भूमिगत लाइन सहित अन्य सभी कार्यों को संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। सभी विभाग वर्षभर में प्रस्तावित कार्यों को सूचीबद्ध कर कार्य करें। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर समय निर्धारित करते हुए ही कार्यों की अनुमति दी जाए। साथ ही आंतरिक सड़कों के रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, बिजली बिल एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया नियमित रूप से की जाए। गलत तरीके से बने दस्तावेजों को निरस्त किया जाए तथा फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन, वन विभाग, एमडीडीए एवं नगर निगम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने नियमित कार्यों के साथ-साथ नवाचार आधारित विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क एवं कॉरिडोर के विस्तार और सुधार से देहरादून की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे पर्यटन और आमजन की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को और गति दी जाए तथा जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर योजनाओं पर कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से मिले। पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं।
शीतकाल को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं एवं बुजुर्गों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस को यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, नशा मुक्ति अभियान के तहत नियमित जागरूकता एवं रैंडम चेकिंग के निर्देश भी दिए गए।
कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएं और प्राथमिकता तय कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करें। उन्होंने साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए और अधिक सशक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की प्रगति और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता के अंतर्गत अब तक 61 हजार पंजीकरण किए जा चुके हैं। सीएम हेल्पलाइन पर पंजीकृत 7,662 शिकायतों में से 6,480 का निस्तारण किया जा चुका है। 3,58,536 राशन कार्डों में से 2,81,366 का सत्यापन कर 5,590 कार्ड निरस्त किए गए हैं। 12,06,960 आयुष्मान कार्डों में से 1,36,676 का सत्यापन कर 9,428 कार्ड निरस्त किए गए हैं। जिले में 57 हेक्टेयर अतिक्रमित भूमि में से 47 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के चार प्रमुख प्रोजेक्ट, रिस्पना एवं बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाएं प्रगति पर हैं। पांवटा साहिब-बल्लूपुर फ्लाईओवर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाली चार लेन ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण जारी है। जिला चिकित्सालय गांधी शताब्दी में मॉडल टीकाकरण केंद्र, रक्त गरुड़ वाहन सेवा एवं 12 बेडेड एसएनसीयू की स्थापना की गई है। प्रोजेक्ट उत्कर्ष के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। बाल भिक्षावृत्ति निवारण के अंतर्गत 267 बच्चों का रेस्क्यू कर 154 को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। नंदा-सुनंदा परियोजना के अंतर्गत 93 बालिकाओं को अब तक 33 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया गया है तथा परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और दून अस्पताल में ऑटोमेटिक पार्किंग का निर्माण किया गया है।
बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायकगण खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, मेयर ऋषिकेश शंभू पासवान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, मुख्य नगर आयुक्त नामामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ अमित कंवर, सीएमओ एम.के. शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम हरि गिरी, एसएलईओ स्मृता प्रमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विक्रम सिंह सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]