उत्तराखण्ड
राष्ट्रहित में ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाने का संकल्प लें: मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ऊर्जा संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ा योगदान होगा।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से परहेज करना, खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद का उपयोग करना तथा खाद्य तेल का संयमित इस्तेमाल जैसे छोटे-छोटे संकल्प भी राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक सदैव राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर योगदान देगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जनआंदोलन का रूप देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और जनसहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।




