उत्तराखण्ड
मुख्य सचिव ने विद्यालय, आंगनबाड़ी, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का लिया जायजा।

संवादसूत्र देहरादून/टिहरी गढ़वाल: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना, शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं के सतत मूल्यांकन के माध्यम से आवश्यक सुधार समयबद्ध तरीके से किए जाएं। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण तथा अध्ययन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित खेल सुविधाओं के निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र में मुख्य सचिव ने बच्चों की संख्या, खेल सामग्री तथा पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा बच्चों का वजन भी मापवाया। एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना, फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का निरीक्षण कर पुस्तकों के रखरखाव, पंजीकरण व्यवस्था और प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि पुस्तकालय को पुरानी टिहरी से विस्थापित कर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है, जहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक का समृद्ध साहित्य उपलब्ध है, जिससे शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
बाद में उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




