उत्तराखण्ड
चार साल बेमिसाल में उमड़ा जनसैलाब।

संवादसूत्र देहरादून: पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किए गए। देहरादून से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और सराहा।
इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड, बेमिसाल विकास और नई पहल के चार वर्ष” का विमोचन किया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया।
हरिद्वार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। यहां सहकारिता, बाल विकास और समाज कल्याण विभाग द्वारा लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, किट और उपकरण वितरित किए गए।
चम्पावत में 40 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और श्रम कार्ड, कृषि उपकरण व प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
नैनीताल में प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ऊधमसिंह नगर में मेगा स्वास्थ्य शिविर के साथ विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी। 1500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और स्वयं सहायता समूहों, किसानों व युवाओं को सहायता और प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
उत्तरकाशी में विधायक सुरेश चौहान ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता दी गई।
बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी समेत अन्य जिलों में भी बहु-विभागीय शिविर, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को सीधे योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला।




