उत्तराखण्ड
2027 की राह साफ—धामी के नेतृत्व में चुनावी रण में उतरेगी भाजपा।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर तस्वीर अब काफी हद तक स्पष्ट होती दिख रही है। भाजपा ने संकेत दे दिए हैं कि वह आगामी चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़ेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में धामी सरकार के कामकाज की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन और विकास का एक मजबूत मॉडल स्थापित हुआ है, जिसने जनता का भरोसा जीता है। उनके अनुसार, प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने और दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने यह भी माना कि हर राज्य की अपनी चुनौतियां होती हैं, लेकिन उत्तराखंड ने पिछले कुछ वर्षों में विकास के कई पैमानों पर सकारात्मक प्रगति दर्ज की है। इस संदर्भ में धामी के नेतृत्व को निर्णायक बताया गया।
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बयान देते हुए नितिन नवीन ने साफ कहा कि 2027 के चुनाव में भाजपा, मुख्यमंत्री धामी को ही चेहरा बनाकर मैदान में उतरेगी। इसे पार्टी की रणनीतिक स्पष्टता और नेतृत्व पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले भी पार्टी के शीर्ष नेताओं की ओर से धामी की कार्यशैली को सराहना मिलती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून दौरे के दौरान उनके काम की प्रशंसा की थी। वहीं राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें “धुरंधर” नेता बताया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी हरिद्वार दौरे के दौरान राज्य सरकार की नीतियों को जनहितकारी बताते हुए भाजपा की जीत का भरोसा जताया था।
लगातार मिल रहे शीर्ष नेतृत्व के समर्थन से यह संकेत साफ है कि भाजपा उत्तराखंड में 2027 का चुनाव धामी के नेतृत्व में ही लड़ने की रणनीति पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।




