उत्तराखण्ड
प्रदेश के 19 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश के प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत चयनित 19 राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की सूरत शीघ्र ही बदली नजर आएगी। इन विद्यालयों के भवनों के पुनर्निर्माण, मरम्मत एवं कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा ₹4 करोड़ 12 लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्थाओं का चयन भी कर लिया गया है। इस संबंध में शीघ्र ही शासन स्तर से औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे।
प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार प्राथमिक स्तर की शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए विद्यालयों की अवस्थापना संरचना एवं भौतिक संसाधनों को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि से प्रदेश के पाँच जनपदों के 19 राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भवन पुनर्निर्माण, मरम्मत एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे। इनमें—
पिथौरागढ़ जनपद के 5 विद्यालय,
पौड़ी गढ़वाल के 10 विद्यालय,
ऊधमसिंह नगर के 2 विद्यालय,
रुद्रप्रयाग एवं अल्मोड़ा जनपद के 1-1 विद्यालय शामिल हैं।
पिथौरागढ़ जनपद में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चैड़ाग्राम (₹14.12 लाख), तिलढुकरी (₹23.50 लाख), गोलमानू (₹11.50 लाख), कुनिया (₹15.40 लाख) तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बोराबुंगा में ₹28 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पौड़ी गढ़वाल जनपद में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुनियाल एवं प्राथमिक विद्यालय मोली में कक्षा-कक्ष व प्रधानाध्यापक कक्ष निर्माण हेतु ₹16.53–₹16.53 लाख, प्राथमिक विद्यालय मलाऊं के लिए ₹21.87 लाख, उच्च प्राथमिक विद्यालय किमोली (₹25.56 लाख), जबारोली (₹22.83 लाख), चोपड़ा (₹27.88 लाख), पल्ली (₹26.13 लाख) तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय बणगांव, प्राथमिक विद्यालय बणगांव एवं टांडियू में विभिन्न निर्माण व अनुरक्षण कार्यों हेतु ₹25.10–₹25.10 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
ऊधमसिंह नगर जनपद में राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय सडासडिया के लिए ₹17.01 लाख तथा राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय चंदेली थारूपट्टी में मरम्मत एवं बाउंड्रीवाल सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए ₹23.44 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
रुद्रप्रयाग जनपद के खण्डानऊ प्राथमिक विद्यालय हेतु ₹33.96 लाख तथा अल्मोड़ा जनपद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय लामासिंह के लिए ₹13.23 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि यह धनराशि राज्य सेक्टर के वृहद निर्माण मद से स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्यों के लिए पेयजल निगम एवं ग्रामीण निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। सभी कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे, ताकि समयबद्ध रूप से विद्यालय भवनों की मरम्मत, सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य पूर्ण हो सकें और विद्यार्थियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
देहरादून जिले के तीन प्राथमिक विद्यालयों का होगा कायाकल्प
देहरादून जनपद के रायपुर ब्लॉक अंतर्गत तीन राजकीय विद्यालयों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹69.16 लाख के आगणन को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अंतर्गत—
राजकीय प्राथमिक विद्यालय तुनवाला–2 के लिए ₹12.97 लाख,
आराघर–2 के लिए ₹22.52 लाख तथा
राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय आराघर (धर्मपुर) के लिए ₹33.67 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन कार्यों के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। शीघ्र ही शासन स्तर से आदेश निर्गत किए जाएंगे।




