उत्तराखण्ड
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा संपन्न, उत्तराखंड का तीर्थयात्री दल गुजरात से लौटा।

संवादसूत्र देहरादून: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत उत्तराखंड से गुजरात गए तीर्थयात्रियों का दल शुक्रवार शाम 4:00 बजे वेरावल रेलवे स्टेशन (सोमनाथ) से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गया। छह दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने सोमनाथ के प्रसिद्ध हाट बाजार का भ्रमण किया और खरीदारी का आनंद लेने के बाद वापसी की यात्रा शुरू की।
यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों ने सोमनाथ मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन किए। वापसी से पहले उन्होंने गुजरात की स्थानीय संस्कृति और बाजारों का भी अनुभव प्राप्त किया।
तीर्थयात्रियों ने संस्कृति विभाग, गुजरात और गुजरात सरकार द्वारा यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं, सेवा और आतिथ्य की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं और सम्मानजनक स्वागत ने इस आध्यात्मिक यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया।
श्रद्धालुओं ने गुजरात सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को एक-दूसरे के करीब लाने का सशक्त माध्यम है। इससे राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय को भी मजबूती मिलती है।
तीर्थयात्रियों ने उत्तराखंड सरकार और संस्कृति विभाग, उत्तराखंड का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उनका कहना था कि इस विशेष यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है और उन्हें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को निकट से जानने और अनुभव करने का अवसर मिला।




