उत्तराखण्ड
FTII से पासआउट उत्तराखंड के तीन युवाओं को मिली छात्रवृत्ति।

संवादसूत्र देहरादून। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत राज्य के युवाओं को मिलने वाले लाभ अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII), पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले राज्य के तीन युवाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान कर दिया है।
फिल्म नीति-2024 के तहत FTII पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है। नीति के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम व्यय का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाती है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों विद्यार्थियों ने FTII, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से भरपूर हैं और राज्य सरकार उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के माध्यम से फिल्म शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता देकर उनके सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास किया जा रहा है।




