उत्तराखण्ड
एसएससी एमटीएस परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड (एसटीएफ) ने Staff Selection Commission (एसएससी) की एमटीएस भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) और भास्कर नैथानी निवासी देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए संगठित तरीके से नकल करवा रहे थे।
रिमोट एक्सेस और हैकिंग से कराते थे नकल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कंप्यूटर हैकिंग और रिमोट एक्सेस तकनीक का इस्तेमाल कर परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की मदद करते थे। इस कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने उनके पास से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किया है।
10 लाख रुपये में ‘पास’ कराने का सौदा
पुलिस के मुताबिक, गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा में पास कराने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये तक वसूलता था। पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं।
एसटीएफ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।




