उत्तराखण्ड
विकास, समावेशन और आत्मनिर्भरता का रोडमैप है केंद्रीय बजट 2026-27 : मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने वाला, दूरदर्शी और सर्वसमावेशी है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को साकार करने वाला है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और संतुलित बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े क्षेत्रों के उत्थान पर विशेष फोकस किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बजट में रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे राज्य के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना पर्वतीय पर्यटन और आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में यह बजट पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाला है, जो राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण एवं पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक मजबूती को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान विकास के अवसर प्रदान करेगा।




