उत्तराखण्ड
नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में उत्तराखंड अव्वल, पर्वतीय राज्यों में पहला स्थान।

संवादसूत्र देहरादून: निवेश के क्षेत्र में उत्तराखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल कर राज्य ने ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में अपनी जगह बनाई है।
नीति आयोग के इस सूचकांक में राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। उत्तराखंड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में पहला स्थान, व्यावसायिक वातावरण और संसाधन में दूसरा तथा आधारभूत संरचना में तीसरा स्थान हासिल किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक वातावरण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने, आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नीति आयोग के इस सूचकांक में मिली सफलता से राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।




