उत्तराखण्ड
फ्लोरल हीलिंग थीम पर सजेगा वसंतोत्सव, 27 फरवरी से लोक भवन में रंग-बिरंगा आयोजन।

संवादसूत्र देहरादून: लोक भवन में 27 फरवरी से एक मार्च तक वसंतोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष वसंतोत्सव की थीम “फ्लोरल हीलिंग” रखी गई है। यह आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को सशक्त मंच प्रदान करने के साथ ही पुष्प पर्यटन और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम बन चुका है।
गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को वसंतोत्सव की जानकारी देते हुए कहा कि हर वर्ष लोग इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव देहरादून की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान बन गया है। पुष्प न केवल बाहरी रंगों के प्रतीक हैं, बल्कि आंतरिक चेतना, श्रद्धा, पवित्रता और समर्पण का भी संदेश देते हैं। वसंतोत्सव स्वस्थ जीवन और सामाजिक समरसता का उत्सव है।
27 फरवरी को सुबह 11 बजे उद्घाटन के बाद दोपहर एक बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी आमजन के लिए निशुल्क खुली रहेगी। वहीं 28 फरवरी और एक मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।
इस वर्ष 15 मुख्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनकी 55 उपश्रेणियां होंगी। कुल 165 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट और हैंगिंग पॉट्स जैसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पहली बार हाइड्रोपोनिक तकनीक पर आधारित प्रतियोगिता भी शामिल की गई है, जो पुष्प कृषि की नई संभावनाओं को प्रदर्शित करेगी।
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय और आईटीडीए द्वारा आगंतुकों की संख्या और इमोशनल मैपिंग की जाएगी, जिसके लिए एक विशेष ऐप तैयार किया गया है। इस बार पहली बार एनआईईपीवीडी के छात्र रिदमिक योगा का सजीव प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के मिलेट्स से बने व्यंजन, डाक टिकट प्रदर्शनी और आर्ट गैलरी भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
कार्यक्रम के दौरान तीन उत्कृष्ट कृषकों और तीन उत्कृष्ट महिला कृषकों को गवर्नर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनके चयन के लिए अलग से समिति का गठन किया गया है।




