उत्तराखण्ड
“विजन 2031: उत्तराखंड के विकास का नया रोडमैप जारी”।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार आगामी पांच वर्षों (2026–2031) की कार्ययोजना से संबंधित मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विजन आधारित इस मास्टर प्लान का तैयार किया जाना एक सराहनीय पहल है, जो राज्य में मजबूत, सुरक्षित और भविष्य उन्मुख बुनियादी ढांचे के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047” के संकल्पों को साकार करने में यह पुस्तिका महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। बीते वर्षों में सड़कों के निर्माण और कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवाचार और आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता देते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से एक पर्यटन हब के रूप में उभर रहा है, ऐसे में पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देने का कार्य जारी है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग स्पष्ट विजन के साथ कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए मजबूत कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है।
सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि मास्टर प्लान पुस्तिका में 100 से अधिक परियोजनाओं का विजन शामिल किया गया है। इसमें रोड कनेक्टिविटी, इकनॉमी हब कनेक्टिविटी, ब्रिज डेवलपमेंट एवं सेफ्टी, सड़क सुरक्षा, स्लोप प्रोटेक्शन, टेक्नोलॉजी, वित्तीय प्रबंधन और पॉलिसी से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने बताया कि समय-समय पर आवश्यकतानुसार इस पुस्तिका में संशोधन भी किए जाएंगे।
इस अवसर पर अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




