उत्तराखण्ड
धामी कैबिनेट में नए मंत्रियों का स्वागत,पीएम संदेश से बढ़ा उत्साह।

संवादसूत्र देहरादून: देहरादून स्थित सचिवालय में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई। बैठक की शुरुआत सकारात्मक माहौल में हुई, जहां मुख्यमंत्री ने हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए मंत्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी मंत्रियों से अपेक्षा की कि वे जनहित और विकास कार्यों में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ योगदान दें, ताकि राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश से मंत्रिमंडल को अवगत कराया। इस मौके पर मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री के संदेश का औपचारिक वाचन किया। संदेश में राज्य सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याण की पहलों की सराहना की गई।
प्रधानमंत्री के इस संदेश को मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने अत्यंत प्रेरणादायक बताया और इसके लिए आभार व्यक्त किया। मंत्रियों ने कहा कि यह संदेश राज्य सरकार के लिए नई ऊर्जा और उत्साह का स्रोत है, जो भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से जनसेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही, उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में यह भी कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ काम कर रही है और आने वाले समय में विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट बैठक में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नीतिगत विषयों पर चर्चा जारी है। माना जा रहा है कि बैठक में विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों से संबंधित अहम निर्णय लिए जा सकते हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।




