उत्तराखण्ड
योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन को संतुलित करने का माध्यम: मुख्यमंत्री।


संवादसूत्र देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज योग विश्वभर में स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।




