उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना से युवाओं को मिलेगा नया अवसर।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत हर वर्ष 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
11 हजार छात्रों को मिलेगा लाभ
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, योजना के तहत प्रतिवर्ष लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। छात्रों का चयन जनपदवार खुली स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
किन परीक्षाओं की होगी तैयारी
योजना के अंतर्गत छात्रों को निम्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा:
सिविल सर्विसेज – 2000 छात्र
एसएससी, रेलवे एवं समकक्ष परीक्षाएं – 5000 छात्र
बैंकिंग सेवाएं – 2000 छात्र
CAT, MAT, GATE, NET, CSIR NET सहित अन्य प्रवेश व योग्यता परीक्षाएं – 2000 छात्र
आधुनिक ऑनलाइन कोचिंग सुविधाएं
चयनित छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से कोचिंग दी जाएगी। इसके तहत:
यूजर आईडी और पासवर्ड आधारित एक्सेस
वीडियो लेक्चर और अध्ययन सामग्री
प्रैक्टिस सेट और साप्ताहिक मॉक टेस्ट
कमजोर छात्रों के लिए विशेष सुधारात्मक कक्षाएं
कौन उठा सकता है लाभ
इस योजना का लाभ:
राज्य के विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं अनुदानित महाविद्यालयों के अंतिम वर्ष के छात्र
हाल ही में स्नातक/स्नातकोत्तर (एक वर्ष के भीतर) उत्तीर्ण अभ्यर्थी
निगरानी के लिए विशेष समितियां
योजना के संचालन हेतु सचिव, उच्च शिक्षा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कार्यकारिणी समिति और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति गठित की गई है, जो इसकी नियमित समीक्षा करेगी।
मंत्री का बयान
उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि आर्थिक या संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा की प्रगति में बाधा न बने, इसी उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है। यह पहल युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह योजना राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी, जिससे वे बेहतर तैयारी कर अपने करियर को नई दिशा दे सकेंगे।




