आर्मी
असम राइफल्स का पूर्व सैनिकों के साथ संवाद, समस्याओं का किया समाधान।



संवादसूत्र देहरादून/कोटद्वार: असम राइफल्स ने बुधवार को कोटद्वार में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। ‘जिन्होंने हमारी सेवा की, उनकी सेवा करना’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से असम राइफल्स ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष विभा लखेड़ा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। महानिदेशक ने पूर्व सैनिकों की राष्ट्र सुरक्षा में दी गई सेवाओं और उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कौशल समाज के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों की पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य कल्याणकारी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई। इसके तहत शिकायत निवारण केंद्र, स्वास्थ्य जांच सुविधा, बैंकिंग सहायता काउंटर और पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के सहायता काउंटर स्थापित किए गए। पूर्व सैनिकों को केंद्र सरकार की नवीनतम नीतियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान जरूरतमंद पूर्व सैनिक परिवारों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। सेवा के दौरान शहीद हुए एक पूर्व सैनिक के लकवाग्रस्त पुत्र को घर से काम करने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डेस्कटॉप कंप्यूटर दिया गया। वहीं, सेवा के दौरान अपना एक पैर गंवाने वाले पूर्व सैनिक को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए स्कूटी भेंट की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों और विधवाओं को उनके योगदान एवं बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस आयोजन ने सेवारत जवानों और सेवानिवृत्त सैनिकों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के साथ पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण के प्रति असम राइफल्स की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।



