उत्तराखण्ड
कुंभ मेला 2027 की तैयारियां समयबद्ध पूरी करने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न निर्माण कार्यों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को समानांतर रूप से किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि समय का सदुपयोग हो और कुंभ से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के कारण कुंभ मेला 2027 के लिए आवश्यक अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए अभी से योजना तैयार की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को मानव संसाधन की आवश्यकता का आकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कुंभ क्षेत्र में साइनेज की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साइनेज पर क्यूआर कोड के माध्यम से श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व सहित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, कुंभ क्षेत्र की विभिन्न लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए समर्पित ऐप तैयार करने पर भी विचार करने को कहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ के लिए तैयार की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद संचालन और रखरखाव की योजना भी अभी से तैयार की जाए। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करते हुए इन्हें नवंबर के अंत तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें। उन्होंने नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पहले से तैयारी पूरी कर इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव ने सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए कुंभ शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने को कहा। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय से तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को कुंभ से संबंधित कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं से तत्काल अवगत कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्याओं का शीघ्र और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेष बगोली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



