उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने ‘Maverick Jaspal’ पुस्तक का किया विमोचन, जसपाल राणा के संघर्ष और उपलब्धियों को किया याद।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा के जीवन, संघर्ष और खेल उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ का विमोचन किया। इस अवसर पर जसपाल राणा की पत्नी रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा ने मुख्यमंत्री से भेंट की और उन्हें पुस्तक की प्रति भेंट की।
मुख्यमंत्री धामी ने जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन यह संदेश देता है कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के साथ ही उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया। उनका खेल सफर युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के अनुभवों, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने इस पुस्तक के माध्यम से जसपाल राणा के जीवन और योगदान को सामने लाने के प्रयास के लिए उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।



