उत्तराखण्ड
रक्षाबंधन पर महिलाओं को तोहफा, दो दिन रोडवेज बसों में निशुल्क सफर।

संवादसूत्र देहरादून, 23 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में महिलाओं के साथ पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित समारोहों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान भारतीय संस्कृति और संस्कार का आधार है तथा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं की भागीदारी और लखपति दीदी अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भी महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य में करीब पांच लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। सात हजार से अधिक ग्राम संगठन और 500 से अधिक क्लस्टर संगठन महिलाओं की सामूहिक क्षमता और नेतृत्व को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
धामी ने बताया कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करने के लिए सरकार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है।
34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां बेटियां सुरक्षित हों, महिलाएं आत्मनिर्भर हों और युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त रहें।
28 और 29 अगस्त को महिलाओं की रोडवेज यात्रा निशुल्क
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए घोषणा की कि 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए सुविधाजनक ढंग से यात्रा कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने समारोह में कहा कि वह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच आए हैं। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में वे अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकती हैं और उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
चौधरी फार्म में आयोजित कार्यक्रम में आयोजक जोगिंदर सिंह पुंडीर, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।




