उत्तराखण्ड
स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्तराखंड की बड़ी पहल, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज पर केंद्र गंभीर।

संवादसूत्र देहरादून। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष रखे गए दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सकारात्मक पहल की है। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से संबंधित प्रस्तावों को विभागीय परीक्षण के लिए भेजे जाने की जानकारी दी है।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से संबंधित प्रस्ताव का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संबंधित विभाग एवं प्रभाग से परीक्षण कराया जा रहा है। इसी प्रकार विश्वविद्यालय के अंतर्गत पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्ताव को भी संबंधित प्रभाग के परीक्षण के लिए भेजा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दोनों संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र के समक्ष रखते हुए प्रदेश में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं और पैरामेडिकल शिक्षा के विस्तार की पहल की थी। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना से गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे राज्यों की ओर जाने की आवश्यकता भी कम हो सकती है।
वहीं, पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से प्रदेश में प्रशिक्षित पैरामेडिकल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। इससे स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक तकनीकी एवं सहयोगी स्टाफ उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण आधार तैयार होगा।
मुख्यमंत्री ने दोनों प्रस्तावों के केंद्रीय स्तर पर परीक्षण को उत्तराखंड की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन संस्थानों की स्थापना से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार होगा।




