उत्तराखण्ड
हरियाणा के युवाओं ने साझा किए उत्तराखंड भ्रमण के अनुभव।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने मुलाकात की। युवाओं ने अपने भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
युवाओं ने कहा कि तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और सरकारी योजनाओं के स्थानीय लोगों के जीवन पर पड़ रहे प्रभाव को समझने का अवसर मिला। उन्होंने पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में हुए कार्यों की सराहना की। रेलवे नेटवर्क के विस्तार के प्रयासों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने और सरकार की ओर से दी जा रही सहायता से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास को भी उन्होंने सराहनीय बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाओं से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। युवाओं ने सोलर रूफटॉप योजना को भी उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता, नवाचार और विकास की बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों समेत विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड में देखे और अनुभव किए गए कार्यों को अपने मित्रों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भ्रमण पर आए युवा उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा सकते हैं। राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच इस तरह का संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड से जुड़े अपने अनुभव हरियाणा के युवाओं के साथ साझा करने और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार तथा बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने की अपील की।




