आपदा
टीएचडीसी टनल हादसे में 2 श्रमिक अब भी लापता, तलाश अभियान जारी।

संवादसूत्र देहरादून/चमोली: टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। सोमवार को गोपेश्वर में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में रेस्क्यू की प्रगति, संसाधनों की उपलब्धता, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों के अनुसार हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 8 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। रेस्क्यू किए गए श्रमिकों में 7 जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचाराधीन हैं, जबकि एक श्रमिक का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। वहीं टनल में फंसे दो लापता श्रमिकों की तलाश जारी है।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए लापता श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं, जबकि एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का काम जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाकर टनल के भीतर खोज एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर टीएचडीसी से संबंधित रेस्क्यू और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
श्रमिकों के पीएफ रिकॉर्ड की जांच के निर्देश
बैठक में श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ से संबंधित अभिलेखों की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा मामले की जानकारी श्रम आयुक्त को भी देने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौटियाल सहित टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




