Connect with us

18 सितंबर को 140 चयनित विद्यार्थियों से संवाद करेंगे सीएम धामी, जानेंगे विकसित उत्तराखंड का विजन।

उत्तराखण्ड

18 सितंबर को 140 चयनित विद्यार्थियों से संवाद करेंगे सीएम धामी, जानेंगे विकसित उत्तराखंड का विजन।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 18 सितंबर को ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत चयनित 140 छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखण्ड?’ विषय पर आयोजित इस अभियान में प्रदेशभर के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे। अब चयनित विद्यार्थी मुख्यमंत्री के समक्ष विकसित उत्तराखंड को लेकर अपना विजन साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस संवाद को व्यापक बनाने के लिए शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को भी विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के लिए शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात से पहले अधिकारी युवाओं के साथ बैठकर उनके विचार, सुझाव और प्रदेश के भविष्य को लेकर उनकी अपेक्षाओं को समझेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी विद्यार्थियों के सुझाव सुनेंगे और उनके उपयोगी विचारों से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने साझा किए विचार

‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान में प्रदेश के करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जोड़ा गया। इनमें से 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखण्ड?’ विषय पर अपने विचार और सुझाव साझा किए। प्राप्त सुझावों में से विशेषज्ञ टीम ने 140 श्रेष्ठ एवं सार्थक विचारों वाले विद्यार्थियों का चयन किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा केवल उत्तराखंड का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी नीति-निर्माण में महत्वपूर्ण सहभागी हैं। विद्यार्थियों की ओर से दिए गए उपयोगी सुझावों को सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की कल्पना के उत्तराखंड को समझना और उनके विजन को विकास की योजनाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का विजन रखा है। उत्तराखंड के युवा भी इस संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनकी प्रतिभा, नवाचार और विचार विकसित उत्तराखंड एवं विकसित भारत के निर्माण में उपयोगी होंगे।

140 विद्यार्थियों को मिलेगी दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप

‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को मुख्यमंत्री धामी के विद्यार्थियों के साथ संवाद से हुई थी। इस दौरान उन्होंने युवाओं से प्रदेश के विकास को लेकर रचनात्मक सुझाव देने का आह्वान किया था।

मुख्यमंत्री ने श्रेष्ठ विचार देने वाले विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर की तैयारी एवं कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप देने की घोषणा भी की थी। अभियान के तहत चयनित 140 छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।

अभियान के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, पलायन, पर्यटन, पर्यावरण, तकनीक और महिला सशक्तीकरण समेत उत्तराखंड के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं के विचार और अपेक्षाएं सामने आई हैं। 18 सितंबर को मुख्यमंत्री और चयनित 140 विद्यार्थियों के बीच होने वाला संवाद इसी पहल के अंतिम चरण में आयोजित किया जाएगा।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]