Connect with us

हरिद्वार में चलती टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित।

उत्तराखण्ड

हरिद्वार में चलती टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार, 6 जून। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हाईवे पर चल रही एक टूरिस्ट बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता से सभी लोग समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार घटना भूपतवाला स्थित सर्वानंद घाट के पास की है। 42 सीटों वाली टूरिस्ट बस हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने बस रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यात्रियों का सामान बस के अंदर ही रह गया, जो आग की चपेट में आकर जल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान बस से तीन बार धमाके की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग की तेज लपटों के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) बीरबल सिंह के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि चार दिन पहले भी बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह के पास एक वॉल्वो बस में भीषण आग लग गई थी। उस घटना में भी चालक ने समय रहते दो विदेशी यात्रियों समेत 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था और कोई हताहत नहीं हुआ था।

एसडीएम हरिद्वार योगेश सिंह मेहरा ने बताया कि बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं तथा आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]