उत्तराखण्ड
बीएलओ आउटरीच अभियान में बड़ी उपलब्धि: प्रदेश के 75% मतदाताओं की मैपिंग पूरी।

संवादसूत्र देहरादून: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड में प्री-एसआईआर गतिविधियों के अंतर्गत चलाए जा रहे बीएलओ आउटरीच अभियान के पहले चरण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत प्रदेश के लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ, ईआरओ एवं संपूर्ण निर्वाचन तंत्र ने समन्वय और उत्साह के साथ कार्य करते हुए यह लक्ष्य हासिल किया है।
उन्होंने जानकारी दी कि बीएलओ आउटरीच अभियान का दूसरा चरण 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें युवा एवं महिला मतदाताओं की मैपिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा।
2003 की मतदाता सूची से हो रही मैपिंग
प्री-एसआईआर चरण में वर्तमान मतदाता सूची को वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप किया जा रहा है, जिससे मतदाता विवरण को अधिक सटीक बनाया जा सके। मतदाताओं की सुविधा के लिए 2003 की मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है, जहां नाम, पिता/पति के नाम, विधानसभा क्षेत्र, गली-मोहल्ले अथवा क्षेत्र के आधार पर खोज की जा सकती है।
राजनैतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने की अपील
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 12,070 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों से शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने का आग्रह किया, ताकि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




