उत्तराखण्ड
लोहाघाट पॉलिटेक्निक में केमिकल हादसा: प्रैक्टिकल के दौरान बोतल गिरने से सात छात्राएं व शिक्षिका बेहोश।

संवादसूत्र देहरादून/लोहाघाट: राजकीय पॉलिटेक्निक लोहाघाट में शनिवार को प्रयोगशाला में प्रायोगिक कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं शिक्षिका के साथ प्रैक्टिकल कर रही थीं, इसी दौरान प्रयोगशाला में रखी ऐसीटल क्लोराइड केमिकल की बड़ी बोतल नीचे गिरकर फट गई। केमिकल की तीखी गंध फैलते ही वहां मौजूद सात छात्राएं और शिक्षिका बेहोश हो गईं।
अचानक हुई इस घटना से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद स्टाफ और अन्य छात्रों की मदद से सभी बेहोश छात्राओं और शिक्षिका को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि केमिकल के प्रभाव से पीड़ितों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी की शिकायत हुई है। सभी को ऑक्सीजन दी जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने प्रयोगशाला में सुरक्षा व्यवस्था और केमिकल के रख-रखाव की समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।




