उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं के साथ सुना प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 134वां संस्करण।

देहरादून, 31 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर लोगों को जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि ‘मन की बात’ के इस संस्करण में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने का आह्वान किया। साथ ही देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने और आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
छात्राओं से किया संवाद
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक लिया और उनके विचार जाने।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। अच्छे कार्य और सकारात्मक सोच न केवल व्यक्ति को आगे बढ़ाती है, बल्कि समाज में भी प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण करती है।
उन्होंने कहा कि निष्ठा और समर्पण के साथ किए गए कार्य दूसरों के लिए उदाहरण बनते हैं और समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत भी उपस्थित रहे।




