उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने एथलीट कलम सिंह बिष्ट को किया सम्मानित।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में जनपद चमोली के विकासखंड देवाल, ग्राम सभा मुंदोली निवासी भूतपूर्व सैनिक एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट श्री कलम सिंह बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओमान में आयोजित 120 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कलम सिंह बिष्ट की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। रेगिस्तानी और पथरीले मार्गों पर आयोजित इस अत्यंत कठिन प्रतियोगिता में विश्वभर के हजारों एथलीट्स को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने भारत का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि श्री बिष्ट भारतीय सेना की प्रतिष्ठित चौथी गढ़वाल राइफल में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। उनका सैन्य अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण आज भी उनके व्यक्तित्व और खेल उपलब्धियों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। देश सेवा के बाद खेल के माध्यम से भी उन्होंने भारत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कलम सिंह बिष्ट का जीवन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कलम सिंह बिष्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ दीं। भेंट के दौरान अन्य भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।




