उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने 77.25 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण–शिलान्यास किया, रानीखेत क्षेत्र को दी कई सौगातें।

संवादसूत्र देहरादून/अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत आयोजित बहुद्देश्यीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। शिविर में पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया और अनेक जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद की 77.25 करोड़ रुपये लागत की 32 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 47.85 करोड़ रुपये की 9 योजनाओं का शिलान्यास तथा 29.40 करोड़ रुपये की 23 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं में भिकियासैंण विकासखंड में गगास और रामगंगा नदी पर तटबंध एवं पैदल पथ निर्माण, देवलीखेत, चौनलिया, खिरखेत और भुजान स्थित राजकीय इंटर कॉलेजों में मिनी स्टेडियम निर्माण, सनणा सिंचाई लिफ्टिंग योजना का उच्चीकरण, रानीखेत में एनसीसी ग्राउंड/स्टेडियम के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति, रानीझील का विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण शामिल हैं।
शिविर में उपस्थित हजारों ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शासन-प्रशासन से जुड़ी सभी सेवाएं जनता को उनके ही क्षेत्र में सुलभ हों। इसके लिए सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है और बहुद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। देवभूमि को आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने के साथ-साथ मानसखंड क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान और सौंदर्यीकरण पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनके परिणामस्वरूप रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और 1.68 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानीखेत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 17 करोड़ रुपये से अधिक की भवानी देवी पेयजल योजना और 5 करोड़ रुपये की भतरौजखान–रामगंगा पंपिंग पेयजल योजना पर कार्य चल रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा, क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल, दायित्वधारी कैलाश पंत और अनिल शाही, ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




