उत्तराखण्ड
क्वानू–मीनस मार्ग हादसा: घायलों का हाल जानने दून अस्पताल पहुँचे मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल हुए हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के यात्रियों का हालचाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए यात्रियों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री धामी ने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को त्वरित, संवेदनशील एवं सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उपचार से जुड़ी हर आवश्यकता को पूरा कर रही है तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का निःशुल्क एवं बेहतर उपचार राज्य सरकार द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है।




