Connect with us

चारधाम और हेमकुंट यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च, अफवाहों से बचें: मुख्यमंत्री।

उत्तराखण्ड

चारधाम और हेमकुंट यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च, अफवाहों से बचें: मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करते हुए अपील की कि वे देवभूमि उत्तराखण्ड की यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा मार्गों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है और सभी श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हुई हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया गया है, उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई है और तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंट साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में स्थित हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र सिख तीर्थस्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करना देवभूमि की परंपरा का अभिन्न हिस्सा है तथा ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संवाद, सद्भाव और आपसी सम्मान के माध्यम से ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।

बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]