उत्तराखण्ड
चम्पावत में बनेगा ‘सिटी सेंटर’, कुम्भ-2027 और शिक्षा समेत कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण योजना प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों सहित अन्य प्रस्तावों के क्रियान्वयन की स्पष्ट समय-सीमा तय कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जनपद चम्पावत के रोडवेज स्टेशन परिसर में 64.94 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुसज्जित मल्टी-स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने इसका नाम ‘सिटी सेंटर चम्पावत’ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं, स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था हो तथा पार्किंग स्थल पर रोडवेज बसों के साथ टैक्सी पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जाए।
इसी क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल के टिहरी मुख्यालय स्थित माल रोड पर फसाड कार्य, रेलिंग्स, पाथ-वे, स्ट्रीट लाइट एवं शौचालय निर्माण हेतु 11.25 करोड़ रुपये की संस्तुति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि इन कार्यों से नगर की सुंदरता बढ़ेगी तथा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
व्यय वित्त समिति ने शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के राजकीय एवं सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने हेतु माध्यमिक शिक्षा विभाग को 52.84 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी।
सड़क निर्माण एवं सुधार से जुड़े प्रस्तावों में जनपद चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स कार्य हेतु 12.15 करोड़ रुपये, जनपद ऊधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में एनएच-109 पर पं. राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मंदिर मोड़, सिडकुल एवं आनंदपुर होते हुए एसएच-044 तक (किमी 5.000 से 12.255) पुनर्निर्माण कार्य के लिए 23.12 करोड़ रुपये तथा शिमला पिस्तौर–कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार हेतु 20.17 करोड़ रुपये की संस्तुति प्रदान की गई।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत खड़खड़ी श्मशान घाट मार्ग पर सूखी नदी पर स्थित कॉजवे के स्थान पर डबल लेन सेतु निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग को 13.22 करोड़ रुपये तथा मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने वाले पूर्व निर्मित सेतु के डाउनस्ट्रीम में 60 मीटर स्पान स्टील गर्डर डबल लेन सेतु निर्माण हेतु 12.46 करोड़ रुपये की भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में सचिव श्री नितेश झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डे, डॉ. आर. राजेश कुमार, श्री वी. षणमुगम, विशेष सचिव श्री अजय मिश्रा, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




