उत्तराखण्ड
पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले तैयारियों का जायजा, सीएम ने दिए सख्त निर्देश।


संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देहरादून दौरे को लेकर गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए और सभी तैयारियां तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए सीएम ने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस योजना तैयार करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाएं मुस्तैद रखने पर जोर दिया।
मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनियोजित और व्यवस्थित हों। उन्होंने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




