उत्तराखण्ड
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को सीएम ने किया सम्मानित।






संवादसूत्र देहरादून, 7 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।
सम्मानित होने वालों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक, रुड़की), जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक, देहरादून), शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चंद्र शर्मा और पुनेश कुमार सिंह (देहरादून) तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानंद बेलवाल (हल्द्वानी) शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को हरसंभव प्रोत्साहन और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है तथा जिला और ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेल नीति को और अधिक प्रभावी बनाया है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति में अपार संभावनाएं हैं। खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षकों के क्षमता विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे और उत्तराखंड के युवा खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।




