उत्तराखण्ड
डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती जल्द शुरू करने की मांग उठाई।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संघ ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर शिक्षा सचिव को ज्ञापन भेजा है। संघ ने वर्ष 2021-22 बैच के प्रशिक्षुओं के हित में रिक्त पदों पर जल्द विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की।
संघ का कहना है कि डीएलएड प्रशिक्षण पूरा हुए दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक प्राथमिक शिक्षक भर्ती शुरू नहीं होने से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने बताया कि विभाग की ओर से पहले भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।




