आलेख
डोईवाला रिश्वत कांड: एक लाख लेते पकड़े गए बीईओ, तत्काल निलंबन।

संवादसूत्र देहरादून: डोईवाला में रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले में प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धनबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई डॉ. धन सिंह रावत की स्वीकृति के बाद तत्काल प्रभाव से लागू की गई।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता बिल्कुल भी सहन नहीं की जाएगी। राज्य सरकार “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है और जो भी कर्मचारी विभाग की छवि खराब करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम ने धनबीर सिंह को करीब एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के तहत निलंबित किया गया।
साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करें और छात्रों, अभिभावकों व आमजन से फीडबैक लेकर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाएं।




