उत्तराखण्ड
जेंडर बजट में पांच गुना वृद्धि, महिलाओं को मिला सशक्त आधार।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है और बीते वर्षों में इस दिशा में कई ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से ही नारी सशक्तिकरण को शासन की प्राथमिकता बनाया गया, जिसके परिणामस्वरूप जेंडर बजट में पांच गुना से अधिक वृद्धि हुई है। वर्ष 2026-27 के बजट में महिलाओं और बालिकाओं के लिए 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से लिंगानुपात और बालिका शिक्षा में सुधार हुआ है। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना के तहत करोड़ों बालिकाओं के खाते खोले गए हैं और बड़ी राशि जमा हुई है। संस्थागत प्रसव दर में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन से महिलाओं को गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री ने तीन तलाक के खिलाफ बनाए गए कानून को मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम है कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित सशस्त्र बलों में सेवाएं दे रही महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब बेटियां हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं।
उन्होंने उत्तराखंड के संदर्भ में कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार भी कई योजनाएं चला रही है। स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, ब्याजमुक्त ऋण और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। “लखपति दीदी” अभियान के तहत बड़ी संख्या में महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। साथ ही लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में लागू समान नागरिक संहिता महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार देश की महिलाओं को उनके पूर्ण अधिकार दिलाने के संकल्प को अवश्य पूरा करेगी और सभी दलों से इस दिशा में सहयोग की अपील की।




