उत्तराखण्ड
बाढ़ सुरक्षा से स्कूल मरम्मत तक: सीएम ने दी ₹54 करोड़ की सौगात।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को गति देने के लिए आपदा मोचन निधि के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु लगभग ₹54 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इसमें जनपद चम्पावत में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹32.93 करोड़ के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹13.17 करोड़ तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा कार्यों के लिए ₹2.91 करोड़ के सापेक्ष ₹1.17 करोड़ की पहली किश्त स्वीकृत की गई है।
जनपद पिथौरागढ़ के सीपू, गिदांग, बौना और फिलम गांवों में नदी तट सुरक्षा दीवार निर्माण हेतु ₹96 लाख (प्रथम किश्त ₹57.33 लाख), प्रवेश द्वार निर्माण के लिए ₹49.12 लाख तथा मुनस्यारी क्षेत्र में सुरिंगघाट से घापा तक मार्ग निर्माण के लिए ₹24.51 लाख की स्वीकृति दी गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत आपदा मोचन निधि से देहरादून (₹13 करोड़), बागेश्वर (₹10 करोड़) और उत्तरकाशी (₹11 करोड़) को कुल ₹34 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि अवमुक्त की गई है। साथ ही, उत्तरकाशी में आपदा में मृत 18 व्यक्तियों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹1 लाख प्रति के हिसाब से ₹18 लाख की अतिरिक्त सहायता भी स्वीकृत की गई है।
इसके अतिरिक्त, उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में ग्राम्य विकास योजनाओं के लिए ₹1.95 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में विद्यालयों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए ₹42.30 लाख तथा अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र में सिंचाई गूल निर्माण के लिए ₹2.48 करोड़ (प्रथम किश्त ₹99 लाख) स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, लोगों को राहत पहुंचाने और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।




