उत्तराखण्ड
एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी सरकार: अगले माह से मिलेगी स्वरोजगार योजना की सौगात।

संवादसूत्र देहरादून:प्रदेश सरकार नए साल में एकल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। पहली बार शुरू की जा रही मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत 504 पात्र महिलाओं की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित विभागीय बैठक में कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। योजना का लाभ अगले माह से दिया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये की परियोजना पर पात्र महिलाओं को 75 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही 331 अन्य पात्र महिलाओं की सूची को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नंदा गौरा योजना की समीक्षा, फरवरी में होगा धन वितरण
बैठक में नंदा गौरा योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि अब तक 11 जिलों के लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है, जिसमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं शामिल हैं। सभी लाभार्थियों को धनराशि वितरित करने के लिए फरवरी के प्रथम सप्ताह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शेष दो जिलों की सूची शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत
प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर अब एक अप्रैल से एक लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि प्रदान की जाएगी। मंत्री ने संकेत दिए कि आगामी वित्तीय वर्षों में इस राशि को और बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
वृद्ध महिलाओं के लिए नई योजना की तैयारी
प्रदेश सरकार वृद्ध महिलाओं के लिए भी नई योजना लाने की तैयारी कर रही है। मंत्री के अनुसार, योजना का उद्देश्य वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, स्वास्थ्य और भावनात्मक संबल देना है। इसके लिए अधिकारी गांव-गांव जाकर सर्वे करेंगे और महिलाओं के सुझावों के आधार पर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




