Connect with us

‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य आगाज:सीएम बोले– टिहरी झील बनेगी विश्वस्तरीय पर्यटन व एडवेंचर स्पोर्ट्स हब।

उत्तराखण्ड

‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य आगाज:सीएम बोले– टिहरी झील बनेगी विश्वस्तरीय पर्यटन व एडवेंचर स्पोर्ट्स हब।

संवादसूत्र देहरादून/टिहरी: देवभूमि में पर्यटन, साहसिक खेल और लोक संस्कृति के संगम के साथ ‘हिमालयन 0.2 द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि सुंदर टिहरी झील आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी। इस अवसर पर उन्होंने कोटी कालोनी-नई टिहरी रोपवे के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पावन धरा आध्यात्मिकता और समृद्ध लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है। यहां की नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं सदियों से पूरी दुनिया को आकर्षित करती रही हैं। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ साहसिक खेलों के आयोजन स्थल के रूप में तेजी से विकसित हो रही है। यहां आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही हैं और राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य टिहरी को वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए यहां कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग, स्कूबा डाइविंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके मार्गदर्शन में राज्य में पर्यटन व साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आदि कैलाश हाई-एल्टीट्यूड मैराथन, माणा एमटीबी चैलेंज और एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे आयोजन भी राज्य की पहचान को नई ऊंचाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड निर्माण, तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करना और भिलंगना विकासखंड के सुनारगांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करना शामिल है।
कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का रिमोट दबाकर वर्चुअल शिलान्यास किया। लगभग 318 करोड़ रुपये लागत वाली यह परियोजना एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तीय सहयोग से बनाई जाएगी। करीब 15 किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देगा।
नौ मार्च तक चलेंगे कार्यक्रम
‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ में 9 मार्च तक साहसिक खेलों, पर्यटन गतिविधियों और लोक संस्कृति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का पारंपरिक देवडोलियों के साथ भव्य स्वागत भी किया गया।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]