उत्तराखण्ड
दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा: मुख्यमंत्री ने मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को दिखाई हरी झंडी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से “ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना” के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को फ्लैग-ऑफ किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि भौगोलिक और आर्थिक कारणों से कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से दूरस्थ और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा, निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
परियोजना के प्रथम चरण में जनपद चमोली और टिहरी गढ़वाल को शामिल किया गया है, जहां दो पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात की गई हैं। इन यूनिट्स के माध्यम से सामान्य चिकित्सा सेवाएं, 29 से अधिक निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवा वितरण, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यकता अनुसार रेफरल सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
प्रत्येक मोबाइल यूनिट में चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ये यूनिट्स निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार गांवों, कस्बों, स्कूलों और बाजार क्षेत्रों में जाकर स्वास्थ्य सेवाएं देंगी। इसके लिए संबंधित जनपदों के प्रशासन के साथ समन्वय किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी, डॉ. एस.एल. जेठानी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ओ.पी. सोनी तथा डॉ. सुभाष गुप्ता उपस्थित रहे।




