Connect with us

जनता दरबार में 201 शिकायतों की सुनवाई, बुजुर्ग उत्पीड़न और अतिक्रमण मामलों में प्रशासन सख्त।

उत्तराखण्ड

जनता दरबार में 201 शिकायतों की सुनवाई, बुजुर्ग उत्पीड़न और अतिक्रमण मामलों में प्रशासन सख्त।

संवादसूत्र देहरादून : कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दरबार में सोमवार को फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां कुल 201 शिकायतों पर प्रशासन ने सुनवाई की। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में बुजुर्गों से जुड़े पारिवारिक उत्पीड़न के मामलों ने प्रशासन का ध्यान खींचा। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भण्डारी ने बड़े बेटे पर दुकान और मकान हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया। वहीं कैंसर पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी-दामाद पर धोखाधड़ी कर जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आमवाला निवासी विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं गोदम्बरी देवी ने पति से उत्पीड़न और आधी पेंशन दिलाने की मांग रखी।

जनता दरबार में ग्राम खाला और किद्दूवाला क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन से जुड़े खतरे भी प्रमुखता से उठे। भारी बारिश और भूस्खलन से झुके विद्युत खंभों तथा स्कूल भवन के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर यूपीसीएल और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मोहकमपुर स्थित ज्वाल्पा एन्क्लेव में बरसाती नाले की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार से जलभराव की समस्या पर सिंचाई विभाग को समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं भोगपुर निवासी किसान सुरेश चन्द्र ने कृषि भूमि कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की।

ग्राम सोरना, रुद्रपुर और माजरी में सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण और नहर बंद कर कब्जा करने की शिकायतों पर एसडीएम को तत्काल जांच और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल और संपर्क मार्ग की समस्या पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रायपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता की दूषित पेयजल शिकायत तथा प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह के 38 हजार रुपये के जल बिल विवाद के समाधान के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में अनियमितता की शिकायत की जांच पूर्ति अधिकारी को सौंपी गई।

जनता दरबार में आर्थिक सहायता के लिए भी कई लोग पहुंचे। किसी ने बच्चों की फीस माफी तो किसी ने बेटी की शादी और मकान मरम्मत के लिए मदद मांगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस दौरान नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।

जनसुनवाई में एसडीएम स्मृता परमार, विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, अपर्णा ढौडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौडियाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]