उत्तराखण्ड
हेमकुंड यात्रा मार्ग विवाद: गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय से जमानत, जांच जारी।

संवादसूत्र देहरादून/चमोली:हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर संबंधित आरोपितों को गिरफ्तार किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध निष्पक्ष और समान रूप से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं, नगरासू गुरुद्वारा से जुड़े प्रकरण का भी शांतिपूर्ण समाधान कराया गया, जिससे हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां निर्बाध रूप से जारी रहीं।
शनिवार को इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय से जमानत मिल गई। हालांकि, मामले की न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस जांच निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सरकार और प्रशासन की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के बाद सभी पक्षों ने संतोष व्यक्त किया है।




