उत्तराखण्ड
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर लौटे।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार। कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है। मेला नियंत्रण भवन के अनुसार सोमवार शाम छह बजे तक 32.25 लाख शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या 1.09 करोड़ से अधिक पहुंच गई है।

सोमवार तड़के से ही हरकी पैड़ी, नीलधारा, भीमगोड़ा, चंडीघाट और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। गंगाजल भरने के बाद शिवभक्तों का कारवां लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ता रहा।
प्रशासन का अनुमान है कि मंगलवार को पंचक समाप्त होने के बाद कांवड़ यात्रियों की संख्या में और तेजी आएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधर, कनखल स्थित बैरागी कैंप भी डाक कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। पंचक समाप्त होने के बाद चार अगस्त से डाक कांवड़ियों के बड़े जत्थों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग और वाहनों की आवाजाही की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अगले कुछ दिनों में बैरागी कैंप क्षेत्र शिवभक्तों, वाहनों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार रहने की उम्मीद है।




