उत्तराखण्ड
“खटीमा मेरा घर, खटीमावासी मेरा परिवार”: होली मिलन में सीएम धामी संग रंगों का उत्सव।

संवादसूत्र देहरादून: सनातन धर्मशाला रामलीला मैदान, खटीमा में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और थारू होली गायन में भाग लेकर उत्सव की खुशियां जनता के साथ साझा कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह पर्व केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “खटीमा मेरा घर है और खटीमावासी मेरा परिवार है। अपने परिवारजनों के बीच आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को संजोने और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। मातृशक्ति को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि खटीमा ‘मिनी इंडिया’ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, जहां सर्वधर्म समभाव और आपसी सौहार्द की मिसाल देखने को मिलती है। आधुनिक परिवेश के बीच भी यहां पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने सभी से प्रदेश और देश की उन्नति में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उत्सव को और भी आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




