उत्तराखण्ड
पिथौरागढ़ में पीआईबी की मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’, केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुआ संवाद।

संवादसूत्र देहरादून/पिथौरागढ़: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून द्वारा शनिवार को पिथौरागढ़ में “लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विषय आधारित पुस्तिका के अनावरण के साथ हुआ। नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी और राज्य स्तरीय लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष गणेश भंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है तथा योजनाओं की तथ्यात्मक जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने में उसकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने आयुष्मान भारत और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा ने महिला एवं बाल विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी राजेश खेतवाल, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक कपिल भट्ट तथा माई भारत के निदेशक डॉ. शैलेश भट्ट ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
वक्ताओं ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में सड़क, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश, ओम पर्वत और कैलाश मानसरोवर यात्रा के कारण क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है। वहीं महिला सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना और किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं के सकारात्मक प्रभावों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और अधिकारियों के बीच खुला संवाद भी हुआ। मीडिया प्रतिनिधियों ने सीमांत क्षेत्रों में समाचार संकलन के दौरान आने वाली चुनौतियों और सुझावों को साझा किया। पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने पत्रकारों की समस्याओं और सुझावों को संबंधित स्तर पर पहुंचाने तथा समाधान के प्रयासों का आश्वासन दिया।
कार्यशाला में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विकसित भारत-2047, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विकासात्मक पहलों पर भी प्रस्तुतीकरण दिए गए।




