उत्तराखण्ड
योग को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, CSC केंद्रों पर विशेष शिविर और लाइव कार्यक्रम।

संवादसूत्र देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में व्यापक स्तर पर योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के सैकड़ों CSC केंद्रों पर योग शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के राज्य कार्यालय ने सभी जिला प्रबंधकों और ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) को अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविरों में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।
योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन एवं सामूहिक योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी CSC केंद्रों पर किया जाएगा। इसके लिए केंद्रों पर बड़ी स्क्रीन और डिजिटल माध्यमों से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी इस राष्ट्रीय आयोजन से जुड़ सकें।
CSC की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम CSC केंद्र पर आयोजित योग शिविर में भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ और निरोगी समाज के निर्माण में योगदान दें।




