उत्तराखण्ड
राज्य में एसआईआर अभियान तेज: 88% गणना फार्म वितरित, अब डिजिटाइजेशन पर फोकस।

संवादसूत्र देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना फार्म वितरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सोमवार शाम 4 बजे तक प्रदेश में 88.48 प्रतिशत गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। इस बीच अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा करते हुए अब डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन फार्म भरवाने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों की सराहना करते हुए डॉ. जोगदण्डे ने निर्देश दिए कि जहां फार्म वितरण का कार्य राज्य औसत से कम है, वहां अतिरिक्त मोबाइल टीमों को हेल्पिंग हैंड के रूप में तैनात कर अभियान को गति दी जाए। साथ ही फार्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फार्म भरने की संख्या कम है, वहां व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए और मतदाताओं को डिजिटल माध्यम से फार्म भरने के लिए प्रेरित किया जाए। नेटवर्क विहीन एवं शेडो क्षेत्रों में मोबाइल और आईटी टीमों को भेजकर बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण 10 से 12 बीएलओ के छोटे समूहों में आयोजित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार हो सके।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की कि वे गणना फार्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाताओं से किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
सहायता और जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 तथा राज्य स्तरीय हेल्पलाइन 1800-3300-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) मौजूद रहे।




